PHM NEWS

युवा जीवन का मूल मंत्र है स्वस्थ जीवन शैली: डॉ. अशोक कुमार

प्रकाशित: 27 Feb 2026

युवा जीवन का मूल मंत्र है स्वस्थ जीवन शैली: डॉ. अशोक कुमार


मुंडेरी। निर्मल कॉलेज ऑफ एजुकेशन में गुरुवार को आरोग्य भारती जिला झालावाड़ के तत्वावधान में ‘युवा जीवन का मूल मंत्र–स्वस्थ जीवन शैली’ विषय पर स्वास्थ्य प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज प्राचार्य बबिता सिंह द्वारा अतिथियों के स्वागत, सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
अतिथियों में आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. नित्यानंद शर्मा, प्रांत सह सचिव राधेश्याम शर्मा एवं युवराज तेज उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. अंजली मीणा ने ओम के उच्चारण के साथ धन्वंतरि स्तवन का पाठ कराया। विभाग संयोजक सुरेन्द्र कुमार जैन ने आरोग्य भारती का परिचय देते हुए बताया कि संगठन का गठन 2 नवंबर 2002 को हुआ था। उन्होंने संस्था के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि युवा बने रहने के लिए केवल उम्र मायने नहीं रखती, बल्कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का उत्तम होना आवश्यक है। विचार सकारात्मक होने चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi आज भी युवाओं की तरह ऊर्जा से कार्य कर रहे हैं और वर्ष 2014 से लगातार 18 घंटे कार्य करने का अनुशासन निभा रहे हैं।
उन्होंने युवाओं को प्रतिदिन व्यायाम करने, ऋतु अनुसार भोजन करने और मिथ्या आहार-विहार से बचने की सलाह दी। कहा कि प्रकृति से जुड़कर रहना ही निरोगी जीवन का आधार है।
अंत में डॉ. अंजली मीणा ने कल्याण मंत्र एवं शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन कराया। मंच संचालन सहायक आचार्य मधुबाला शर्मा ने किया।
प्रबोधन कार्यक्रम के पश्चात डॉ. अशोक कुमार ने आरोग्य भारती के सदस्यों की बैठक लेकर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं नियमित बैठकों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष डॉ. रिंकेश यादवेंद्र, जिला सचिव डॉ. नवल टेलर, डॉ. संदीप निर्मल, डॉ. सुमति भारद्वाज, डॉ. रामकेश मीणा, डॉ. प्रियांशु पारेता, जिला प्रचार प्रमुख भरत शर्मा एवं सहसंयोजक बालचंद नागर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।