कौशाम्बी
कौशांबी:
भरवारी के ऐतिहासिक दशहरे में शुक्रवार की देर रात जय श्रीराम के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। नए बाजार स्थित हनुमान मंदिर से भव्य रामदल जुलूस निकाला गया। ढोल-नगाड़ों, डीजे और रंगीन लाइटों के साथ निकले जुलूस में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी एक रथ पर सवार थे, जबकि दूसरे रथ पर रावण माता सीता को लेकर निकला।
रामदल का नगर भ्रमण बेहद आकर्षक रहा। जगह-जगह भक्तों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। पूरा भरवारी बाजार राममय हो गया। जुलूस के बाद सिंघिया प्रीमियर स्कूल परिसर में राम-रावण युद्ध का मंचन हुआ, जहां भगवान श्रीराम के तीर से रावण का वध होते ही पूरा परिसर “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर नगर में सैकड़ों वर्ष पुरानी परंपरा के तहत हनुमान जी की मूर्ति मुख्य आकर्षण रही। बच्चों ने भी भालू, श्रृंगार और चौकियां निकालकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से फोरम समिति के अध्यक्ष नितुल चौधरी, वेद प्रकाश केसरवानी दानी, पूर्व नेता उदयभान करवरिया, गणेश केसरवानी, दीपू केसरवानी, गंगा प्रसाद केसरवानी, कैलाश चंद्र केसरवानी, राजेश अग्रहरि, पिताम्बर लाल केसरवानी, प्रवेश केसरवानी सहित हजारों लोग मौजूद रहे।
दशहरा मेले में लाखों श्रद्धालु उमड़े। सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। रेलवे क्रॉसिंग से लेकर रावण मैदान तक भारी पुलिस बल और महिला कांस्टेबलों की तैनाती रही।