कौशाम्बी (कोखराज)। कौशाम्बी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में सत्संग जा रहे एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए एक व्यक्ति...
कौशाम्बी (कोखराज)। कौशाम्बी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में सत्संग जा रहे एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे चालक को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
सत्संग जा रहे थे बाइक सवार:
जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ जनपद के हथगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्ण मऊ गांव निवासी हरिश्चंद्र (55 वर्ष) पुत्र बच्चू लाल दिवाकर अपने साथी बुद्धराम के साथ बाइक से कौशाम्बी में आयोजित एक मिशनरी के सत्संग में शामिल होने आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कोखराज चौराहे के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर हुई दर्दनाक मौत:
टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंटेनर का पहिया पीछे बैठे हरिश्चंद्र के ऊपर से निकल गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनके साथी बुद्धराम को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने चालक को दबोचा:
दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस ने सक्रियता दिखाई और नाकेबंदी कर दी। पुलिस ने फरार कंटेनर और चालक को कल्याणपुर के पास से पकड़ कर अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायल का इलाज अस्पताल में जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।