कौशाम्बी: मटर के खेत में मिला लापता युवक का शव, ठंड और नशे ने ली जान!कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मटर के खेत में गांव क...
कौशाम्बी: मटर के खेत में मिला लापता युवक का शव, ठंड और नशे ने ली जान!
कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मटर के खेत में गांव के ही एक लापता व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान रूप नारायणपुर निवासी 45 वर्षीय अमर सिंह के रूप में हुई है, जो शुक्रवार दोपहर से ही घर से लापता थे। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका पता नहीं चला, तो शनिवार सुबह मटियारा गांव के पास खेत में उनका शव मिलने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची सैनी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, अमर सिंह शराब पीने का आदी था और शुक्रवार दोपहर भी वह नशे की हालत में घर से निकला था।
सीओ सिराथू भैया संतोष सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला अत्यधिक शराब के सेवन और कड़ाके की ठंड के कारण मौत का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि नशे की हालत में वह खेत में गिर गया और रात भर खुले आसमान के नीचे ठंड की चपेट में आने से उसकी सांसे थम गईं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सके।