कौशाम्बी में अवैध अस्पताल में युवक की मौत
📍 कौशाम्बी: जनपद कौशाम्बी से बड़ा मामला सामने आया है। मूरतगंज इलाके में SBI बैंक के नीचे बने बेसमेंट में अवैध रूप से चल रहे सहारा नर्सिंग होम में एक युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, युवक का हाइड्रोसील का ऑपरेशन किया जा रहा था, तभी उसकी हालत बिगड़ गई और थोड़ी देर में उसकी मौत हो गई। मौत की खबर फैलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा करने लगे।
बताया जा रहा है कि सहारा नर्सिंग होम बिना किसी वैध अनुमति के बेसमेंट में संचालित किया जा रहा था। घटना के बाद अस्पताल संचालक अरविंद पाल समेत पूरा स्टाफ मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और अस्पताल के अवैध संचालन को लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है।
👮♂️ पुलिस का बयान: स्थानीय पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौके से कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। संचालक और अस्पताल कर्मियों की तलाश की जा रही है। अवैध रूप से चल रहे अस्पताल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।