PHM NEWS

कौशाम्बी न्यूज़

प्रकाशित: 03 Nov 2025

कौशांबी:

नैनी सेंट्रल जेल में शनिवार की देर शाम एक कैदी का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के बरुआ गांव निवासी 58 वर्षीय उदयराज पुत्र स्वर्गीय ट्रांसफार्मर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, उदयराज वर्ष 2020 से हत्या के मामले में जेल की सजा काट रहा था। बताया जाता है कि 11 जून 2020 को बरुआ गांव में आम तोड़ने को लेकर हुए विवाद में उदयराज ने अपने भाई के साथ मिलकर गांव के ही मानसिंह नामक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में अदालत ने उदयराज और उसके सहयोगियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

शनिवार की रात जेल परिसर के दरी गोदाम के पास एक पेड़ से उदयराज का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

मृतक के गांव में घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर पर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की पत्नी राजकली ने बताया कि कुछ दिन पहले नवरात्रि पर वे पति से मिलने जेल गई थीं। उन्होंने कहा, “वे बिल्कुल ठीक थे, हमसे अच्छे से बात की, खाना लिया और 600 रुपये भी मांगे। उन्होंने कहा था कि अगली बार आना तो मेरे कपड़े दूसरे ले आना।”

राजकली ने रोते हुए बताया कि उन्हें शनिवार रात बेटे ने फोन कर घटना की जानकारी दी। परिवार को इस बात पर यकीन नहीं हो रहा कि उदयराज ने आत्महत्या की है।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।