लखीमपुर खीरी न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / लखीमपुर खीरी

15 दिन बाद भी नहीं मिली मोटरसाइकिल और स्मार्टफोन, पुलिस की चुप्पी से लोगों में आक्रोश : गोला गोकर्णनाथ: अलीगंज लूटकांड में 15 दिन बाद भी खाली हाथ पुलिस, प्रशासन पर उठे सवाल

लखीमपुर खीरी | 16-Sep-2025 11:39 AM | 263 |
लखीमपुर खीरी
गोला गोकर्णनाथ: अलीगंज लूटकांड में 15 दिन बाद भी खाली हाथ पुलिस, प्रशासन पर उठे सवाल

गोला गोकर्णनाथ खीरी।
अलीगंज क्षेत्र में 30 अगस्त 2025 की रात हुई लूट की सनसनीखेज वारदात को 15 दिन बीत गए हैं, लेकिन अब तक न तो पीड़ित की मोटरसाइकिल बरामद हुई है और न ही लूटा गया स्मार्टफोन। पुलिस की सुस्ती और चुप्पी से क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।

पीड़ित हरिचंद पुत्र बलराम, निवासी ग्राम तेंदुहाई थाना नीमगांव, ने बताया कि वह अपनी काले रंग की प्लैटिना मोटरसाइकिल (चेसिस नंबर MD2A76AX35PG05296, इंजन नंबर PFXP5B38869) से रिश्तेदारी ग्राम गोगांवा जा रहा था। अलीगंज चौराहे के पास मोटरसाइकिल फिसलने पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने पहले लिफ्ट मांगी और फिर गदियांना जंगलीनाथ रपटा पुल तक ले जाकर उस पर हमला कर दिया। लात-घूंसों और डंडों से पिटाई के बाद बदमाश उसकी बाइक और वीवो स्मार्टफोन लूटकर फरार हो गए।

हरिचंद ने 31 अगस्त को बिजुआ चौकी प्रभारी और 1 सितंबर को थाना भीरा प्रभारी को लिखित शिकायत दी थी। लेकिन 15 दिन बाद भी न कोई गिरफ्तारी हुई है और न ही लूटा गया सामान बरामद। पीड़ित का कहना है कि वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है, बावजूद इसके पुलिस ने अब तक ठोस कदम नहीं उठाया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई अपराधियों के हौसले बढ़ा रही है। आए दिन चोरी और लूट की घटनाओं से आमजन में दहशत का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि सीसीटीवी सबूत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही, तो जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।

थाना प्रभारी भीरा का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा। हालांकि, पीड़ित और क्षेत्रीय जनता पुलिस के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हैं और त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.