PHM NEWS

बझेड़ा शारदा नदी तटबंध की मरम्मत कार्य शुरू,

प्रकाशित: 11 Sep 2025

लखीमपुर खीरी।
बिजुआ क्षेत्र में शारदा नदी की बाढ़ से क्षतिग्रस्त बझेड़ा तटबंध की मरम्मत का कार्य बुधवार से शुरू कर दिया गया। सिंचाई विभाग ने नदी किनारे बालू और मिट्टी से भरे बैग लगाकर भूमि कटाव रोकने की कोशिशें तेज कर दी हैं। इसके साथ ही तटबंध को मजबूती देने के लिए बांस और पेड़ लगाने का कार्य भी किया जा रहा है।

हालांकि, स्थानीय ग्रामीण इस कार्य को “सतही मरम्मत” बता रहे हैं। उनका कहना है कि तेज बहाव आने पर रेत-मिट्टी के बैग बह जाएंगे और तटबंध बाढ़ से बचाव में कारगर साबित नहीं होगा।

ग्रामीण राजेश कुमार ने आशंका जताई कि यदि शारदा नदी में 2 लाख क्यूसेक पानी की बाढ़ आई तो यह मरम्मत कार्य टिक नहीं पाएगा। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि तटबंध की सुरक्षा के लिए अधिक मजबूत और स्थायी उपाय जरूरी हैं, ताकि आने वाले बाढ़ सीजन में बड़े नुकसान से बचा जा सके।