PHM NEWS

खनन माफिया के साथ खड़ी दिखी मैगलगंज पुलिस,

प्रकाशित: 13 Sep 2025

खनन माफिया के साथ खड़ी दिखी मैगलगंज पुलिस, शिव भक्तों से बदलवाया आवेदन, दर्ज कराया हल्का मुकदमा

मैगलगंज (खीरी):
मैगलगंज क्षेत्र में खनन माफियाओं और पुलिस की मिलीभगत का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह खनन माफिया ने दो शिव भक्तों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह पीटा। पीड़ितों का आरोप है कि माफियाओं ने उन्हें बंधक बनाकर पैसे और मोबाइल छीन लिया। बाद में मोबाइल तो थाने में लौटा दिया गया, लेकिन पैसे अब तक वापस नहीं किए गए।

घटना सुबह लगभग छह बजे की है। आरोप है कि मैगलगंज पुलिस सुबह से लेकर शाम तक पीड़ितों पर सुलह-समझौते का दबाव बनाती रही। जब शिव भक्तों ने मुकदमा दर्ज कराने पर अड़े रहे, तो थाने में ही उनसे तीन बार आवेदन बदलवाए गए और अंततः हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

अप्लीकेशन से हटाए गए गंभीर आरोप

पीड़ित शिव भक्तों ने बताया कि उनके आवेदन से न तो खनन की ट्रैक्टर-ट्रॉली का जिक्र करने दिया गया और न ही छीने गए पैसों का उल्लेख दर्ज हुआ। देर रात उनका मेडिकल कराया गया, लेकिन मुकदमे में महत्वपूर्ण तथ्यों को शामिल नहीं किया गया।

न्याय की गुहार

पीड़ितों ने अब पुलिस अधीक्षक से शिकायती पत्र देकर न्याय की मांग की है। उन्होंने विवेचना किसी अन्य थाने से कराने की भी अपील की। शिव भक्तों का आरोप है कि मैगलगंज पुलिस खनन माफियाओं को संरक्षण दे रही है, जो अवैध खनन से भारी रकम कमाकर क्षेत्र में दबदबा बनाए हुए हैं।