PHM NEWS

Lakhimpur Kheri News : संकट से घिरे पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए मानवता की मिसाल बने– डॉ. कौशल वर्मा

प्रकाशित: 11 Sep 2025

गोलागोकर्णनाथ, लखीमपुर। पंजाब में आई भीषण बाढ़ से पीड़ित लोगों की मदद के लिए जनसेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। सनसाइन हॉस्पिटल के संचालक डॉ. कौशल वर्मा ने इंसानियत का परिचय देते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए दवाओं की किटें भेजीं। उन्होंने अलीगंज क्षेत्र स्थित हंडेला गुरुद्वारा पहुंचकर यह किटें गुरुद्वारा कमेटी को सौंपीं। कमेटी ने भरोसा दिलाया कि ये सभी दवाएं 24 घंटे के भीतर जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचा दी जाएंगी।

डॉ. वर्मा ने बताया कि प्रत्येक किट में बाढ़ से उत्पन्न होने वाली बीमारियों जैसे संक्रमण, त्वचा रोग और पेट संबंधी समस्याओं की दवाएं रखी गई हैं। हर किट पर दवाओं के सेवन की पूरी विधि लिखी गई है ताकि पीड़ित लोग आसानी से उनका उपयोग कर सकें। साथ ही, हॉस्पिटल का हेल्पलाइन नंबर भी दिया गया है, जिस पर कोई भी व्यक्ति दिन-रात सहायता प्राप्त कर सकता है। डॉ. वर्मा ने आश्वासन दिया कि यदि महामारी का खतरा और बढ़ा तो वह अपनी मेडिकल टीम के साथ पंजाब जाकर लोगों का प्रत्यक्ष इलाज करेंगे।

उन्होंने कहा, “यह मानवीय त्रासदी बेहद दुखद है। फसलें, पशुधन और घर तबाह हो चुके हैं, कई परिवार अपनों को खो चुके हैं। मैं सभी प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और अपील करता हूं कि देश का हर सक्षम व्यक्ति इस कठिन समय में आगे आकर मदद करे।”

जन सेवा के प्रति समर्पित डॉ. वर्मा इससे पहले भी लखीमपुर जिले के बाढ़ पीड़ितों की मदद कर चुके हैं। उस समय उन्होंने राशन, भोजन और इलाज की व्यवस्था कर लोगों की जान बचाई थी।

इस मौके पर किसान नेता कुलवंत सिंह जोशन, जगप्रीत, हरमान सिंह, प्रदीप सिंह, हजरत सिंह, गुरु बख्स सिंह, सचिन प्रभाकर, आनंद अर्कवंशी, एडवोकेट प्रभात बाजपेई समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।