लखनऊ। बीटेक पास छात्र का शातिर गिरोह बेनकाब, NEET में पास कराने के नाम पर करोड़ों की ठगी
लखनऊ। देखें कितना शातिर! वर्ष 2011 के बीटेक पास छात्र ने साथियों के साथ मिलकर एक ऐसा नेटवर्क खड़ा किया, जिसने देशभर के मेडिकल कॉलेज में दाखिले का सपना देखने वाले छात्रों को करोड़ों रुपये का चूना लगा दिया। लखनऊ साइबर क्राइम पुलिस ने इस बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि "हमारी फोटो न आए, लेकिन इनकी फोटो पूरे देश में जरूर आए"—ताकि लोग ठगों से सावधान रहें।
गिरोह NEET परीक्षा में पास कराने, OMR शीट में सही उत्तर भरवाने और मैनेजमेंट कोटे से एडमिशन दिलाने का झांसा देकर छात्रों और अभिभावकों से भारी-भरकम रकम ऐंठता था। जांच में सामने आया कि ठगों ने एक पीड़ित से 45 लाख रुपये, जबकि अन्य पीड़ितों से 20 लाख, 38 लाख और 23 लाख रुपये वसूले थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 लाख रुपये नकद, फर्जी दस्तावेज और कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
साइबर पुलिस ने बताया कि गिरोह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से कम मेरिट वाले NEET पास छात्रों का डेटा खरीदकर उन्हें कॉल करता था। एडमिशन की गारंटी देने का दावा कर लाखों रुपये की ठगी की जाती थी। इतना ही नहीं, यूपी, दिल्ली, गुजरात और बिहार में इस गैंग के खिलाफ 18 से अधिक धोखाधड़ी के मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क के संचालन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे ठगी रैकेट से सावधान रहें और किसी भी प्रकार के प्रवेश/एडमिशन के नाम पर धनराशि देने से पहले पूरी तरह सत्यापन जरूर करें।