रात में बाढ़ग्रस्त गांवों में पहुंचे विधायक, प्रशासन को दिए सख्त निर्देश
शाहजहांपुर।
गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से ददरौल विधानसभा क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। हालात गंभीर होते देख क्षेत्रीय विधायक अरविंद सिंह शुक्रवार देर रात जिला प्रशासनिक टीम के साथ प्रभावित इलाकों में पहुंचे और स्वयं स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए और प्रभावित परिवारों तक तुरंत मदद पहुंचाई जाए। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली कटौती, खाद्यान्न आपूर्ति और आवागमन में आ रही दिक्कतों को उनके सामने रखा।
विधायक ने अधिकारियों को इन समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने मेडिकल टीम की तैनाती और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।
विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन जनता के साथ खड़ा है और किसी भी परिवार को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही प्रशासन को चौबीसों घंटे सतर्क रहकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।