PHM NEWS

प्रशासन की चुप्पी में फल-फूल रहा अवैध खनन, भू-माफियाओं के हौसले बुलंद

प्रकाशित: 31 Jan 2026

शाहजहांपुर: थाना कांट क्षेत्र के भानपुर नगरिया में प्रशासन की मिलीभगत से धड़ल्ले से हो रहा अवैध खनन, मूकदर्शक बना प्रशासन रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक होता हैं अवै खनन 

शाहजहांपुर। जनपद के थाना कांट क्षेत्र अंतर्गत भानपुर नगरिया गांव में इन दिनों खुलेआम अवैध खनन का खेल चल रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह सारा अवैध कारोबार कथित रूप से प्रशासन की मिलीभगत से अंजाम दिया जा रहा है। प्रशासनिक चुप्पी के चलते भू-माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे दिन-दहाड़े नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में बिना किसी वैध अनुमति के मिट्टी का खनन किया जा रहा है। भारी-भरकम ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लगातार गांव की सड़कों से गुजर रही हैं, जिससे सड़कें जर्जर हो चुकी हैं और ग्रामीणों का जीवन खतरे में पड़ गया है। रात के समय भी खनन का काम जारी रहता है, जिससे साफ जाहिर होता है कि अवैध खनन करने वालों को किसी का डर नहीं है।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। न तो मौके पर कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही खनन माफियाओं पर कोई प्रभाव पड़ा। इससे यह संदेह और गहराता जा रहा है कि कहीं न कहीं जिम्मेदार अधिकारियों की संलिप्तता जरूर है।

अवैध खनन से पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। खेतों की उपजाऊ मिट्टी नष्ट हो रही है, जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है और भविष्य में इसका गंभीर खामियाजा क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ सकता है। इसके बावजूद प्रशासन आंख मूंदे बैठा है।

ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन अपनी चुप्पी तोड़ेगा या फिर भू-माफियाओं के हौसले यूं ही बुलंद होते रहेंगे। जनता की नजरें अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।