PHM NEWS

नामकरण की दावत में नहीं बुलाया, प्रधान ने युवक पर बरसाई गोलियां

प्रकाशित: 27 Sep 2025

शाहजहांपुर। तिलहर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनपुर में गुरुवार रात खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। बेटे के नामकरण की दावत में न बुलाए जाने से नाराज ग्राम प्रधान ने बच्चे के पिता पर गोलियां बरसा दीं। गंभीर हालत में युवक को परिजन आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक मोहनपुर निवासी अवनीश राठौर के घर बेटे के नामकरण की दावत चल रही थी। आरोप है कि ग्राम प्रधान को बुलावा न मिलने से वह भड़क गया। दावत के दौरान ही उसने अवनीश पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। लोग चीखते-चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगे।गोलीबारी में अवनीश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और ग्रामीण हमलावर प्रधान को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिए। वहीं, परिजनों के रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया।