शिवपुरी न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / शिवपुरी
🚨 Breaking News | शिवपुरी

माधव नगर में इनोवेटिव स्कूल के सामने गली अतिक्रमण और गंदगी से बेहाल : निर्माण का मलबा सड़क पर फेंककर नालियाँ बंद; वाहन–हाथ ठेले खड़े कर गली बाधित

शिवपुरी | 16-Nov-2025 01:19 AM | 132 |
शिवपुरी
निर्माण का मलबा सड़क पर फेंककर नालियाँ बंद; वाहन–हाथ ठेले खड़े कर गली बाधित

शिवपुरी के माधव नगर में इनोवेटिव स्कूल के सामने स्थित गली की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। कुछ लोगों ने मकान निर्माण के दौरान निकलने वाला मलबा सीधे सड़क पर फेंक दिया, जिससे नालियाँ पूरी तरह बंद हो गईं। नालियाँ बंद होने के बाद गंदा पानी सड़क पर फैलने लगा, और गली में लगातार कीचड़ व बदबू बनी रहती है।

स्थिति को और खराब कर रहा है फूटी हुई मड़ीखेड़ा पाइप लाइन, जिसका पानी भी लगातार इसी गली में बह रहा है। मलबे और गंदे पानी के मिश्रण से सड़क की हालत बेहद खतरनाक हो चुकी है।

इसके अलावा, अतिक्रमण के बाद अब लोग अपने वाहन और हाथ ठेले सड़क और नालियों के ऊपर खड़े कर देते हैं, जिससे गली में आवागमन मुश्किल हो गया है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर पालिका और जल विभाग को कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक न तो मलबा हटाया गया, न नालियों की सफाई हुई और न ही फूटी पाइप लाइन दुरुस्त की गई। विभागीय लापरवाही के कारण गली अब दुर्घटना का कारण बनने लगी है।

क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि
1️⃣ सड़क से तुरंत मलबा हटाया जाए,
2️⃣ नालियों की सफाई की जाए,
3️⃣ अवैध पार्किंग रोकी जाए,
4️⃣ और मड़ीखेड़ा पाइप लाइन को तुरंत ठीक किया जाए।

निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक रूप से विरोध शुरू करेंगे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.