PHM NEWS

प्रिंस हॉस्पिटल द्वारा दांतारामगढ़ में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 266 मरीज हुए लाभान्वित

प्रकाशित: 19 Dec 2025

दांतारामगढ़/सीकर. सीकर स्थित प्रिंस हॉस्पिटल द्वारा ग्रामीण अंचलों में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निरंतर निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को दांतारामगढ़ में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में कुल 266 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

शिविर में महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। प्रिंस हॉस्पिटल की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम द्वारा मरीजों की गहन जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, मनोरोग विशेषज्ञ (साइकेट्रिस्ट) तथा दंत रोग विशेषज्ञ (डेंटल सर्जन) की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

चिकित्सकों ने मौसमी बीमारियों से बचाव, महिला स्वास्थ्य, बाल रोग, मानसिक स्वास्थ्य एवं दंत रोगों से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने एवं रोगों की प्रारंभिक अवस्था में उपचार के महत्व पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर निवर्तमान नगरपालिका उपाध्यक्ष कैलाश कुमावत, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुरेश शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रिंस हॉस्पिटल की इस सेवाभावी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

ग्रामवासियों ने भी शिविर के सफल आयोजन, चिकित्सकों की कार्यशैली एवं निशुल्क परामर्श के लिए प्रिंस हॉस्पिटल का आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।