सीकर में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम
सीकर. जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय की ओर से सड़क सुरक्षा एवं जन जागरूकता अभियान के तहत महत्वपूर्ण पहल की गई। इस दौरान जिला परिवहन अधिकारी ताराचंद बंजारा ने कमला देवी जनसेवा संस्थान द्वारा संचालित “कमूल एक सहारा” एनजीओ की टीम को रेडियम बेल्ट एवं रेडियम स्टीकर वितरित किए।
यह रेडियम बेल्ट निराश्रित पशुओं के गले में लगाए जाएंगे, जबकि रेडियम स्टीकर धीमी गति से चलने वाले एवं भारी वाहनों पर चिपकाए जाएंगे। इस सामग्री को जिला परिवहन अधिकारी ताराचंद बंजारा ने एनजीओ की सचिव सुमन नेहरा को सुपुर्द किया। उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम में रात के समय सड़कों पर निराश्रित पशुओं की उपस्थिति के कारण हादसों की आशंका बढ़ जाती है, जिससे मानव जीवन के साथ-साथ पशुओं को भी नुकसान होता है।
डीटीओ बंजारा ने कहा कि जिला परिवहन कार्यालय सीकर एवं कमला देवी जनसेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अंधेरे में भी पशु और वाहन दूर से ही दिखाई दें और दुर्घटनाओं को रोका जा सके। रेडियम बेल्ट व स्टीकर प्रकाश पड़ते ही चमकते हैं, जिससे वाहन चालकों को समय रहते सतर्क होने का मौका मिलता है।
उन्होंने वाहन चालकों से विशेष रूप से अपील की कि वे रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का पूरी तरह से अनुसरण करें। इस पहल को समाजसेवी संगठनों का सहयोग मिलने से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और हादसों में कमी आने की उम्मीद है।