ग्रामीण सेवा फॉलो-अप शिविर में पीढ़ियों पुरानी समस्या का समाधान
सीकर. राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को उनके द्वार पर ही त्वरित राहत प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित ग्रामीण सेवा फॉलो-अप शिविर आम लोगों के लिए राहत का माध्यम बनते जा रहे हैं। इसी क्रम में पिपराली पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पिपराली में आयोजित शिविर में पीढ़ियों से लंबित एक महत्वपूर्ण राजस्व प्रकरण का समाधान किया गया।
उपखण्ड अधिकारी सीकर निखिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम खोरी ब्राहम्णान के खन संख्या 749/254, रकबा 0.39 हैक्टेयर से संबंधित 9 खातेदारों का खाता विभाजन लंबे समय से लंबित था। खाता विभाजन नहीं होने के कारण खातेदार एकल खातेदारी से मिलने वाले विभिन्न सरकारी लाभों से वंचित थे, जिससे उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीण सेवा फॉलो-अप शिविर के दौरान सभी खातेदार तहसीलदार सीकर के समक्ष उपस्थित हुए और आपसी सहमति से खाता विभाजन कराने की इच्छा जताई। इस पर तहसीलदार द्वारा पटवारी हल्का रघुनाथगढ़ महेश सैनी को खाता विभाजन तैयार करने के निर्देश दिए गए। ऑफिस कानूनगो विमला चौधरी एवं पटवारी द्वारा सभी खातेदारों की सहमति से खाता विभाजन तैयार किया गया।
तहसीलदार ने मौके पर ही तैयार विभाजन को स्वीकार करते हुए प्रकरण का निस्तारण कर दिया, जिससे खातेदारों को तत्काल राहत मिली। वर्षों से चली आ रही समस्या के समाधान पर सभी खातेदारों ने प्रसन्नता व्यक्त की और कर्मचारी-अधिकारियों तथा राज्य सरकार का आभार जताया।
यह प्रकरण राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत आमजन की समस्याओं का समाधान त्वरित रूप से और उनके द्वार पर ही करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण सेवा फॉलो-अप शिविर प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।