PHM NEWS

जिला कलेक्ट्रेट सीकर में साप्ताहिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

प्रकाशित: 19 Nov 2025

सीकर. जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा लंबित प्रकरणों के समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर शर्मा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि बढ़ाई जा सके।

उन्होंने एनएफएसएफ, राइजिंग राजस्थान, पीएमएवाई शहरी, स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना सहित अन्य फ्लैगशिप योजनाओं में प्रगति को तेजी से आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने कहा कि सर्दियों को ध्यान में रखते हुए सभी नगरपालिका ईओ रैन बसेरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कृषि, चिकित्सा, शिक्षा, परिवहन और सामाजिक न्याय विभागों सहित सभी विभागों में ई-फाइल डिस्पोजल समय पर करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में लाडो प्रोत्साहन योजना, कुसुम योजना, गिवअप अभियान और एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि एसआईआर अभियान के तहत अपने अधीनस्थ कार्मिकों और उनके परिवार के ईएफ फॉर्म जल्द से जल्द ऑनलाइन अपलोड करें।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर भावना शर्मा ने लोकायुक्त, मानवाधिकार आयोग एवं मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा लाइट्स पोर्टल पर जवाबनामा तुरंत प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला परिषद के सीईओ राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया, प्रशासनिक सुधार विभाग की सहायक निदेशक इंदिरा शर्मा, डीओआईटी के संयुक्त निदेशक सत्यनारायण चौहान, अधिशासी अभियंता रामकुमार चाहिल सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।