सीकर में महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम
सीकर. अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस (25 नवंबर–10 दिसंबर) के तहत महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक राजेंद्र कुमार चौधरी के निर्देशानुसार पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र (PSSK) की टीम ने शेखावाटी टीचर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। केंद्र की प्रबंधक नीलम कुमारी और एडवोकेट कृष्णा सोनी ने प्राचार्या रंजना जैन के सहयोग से छात्र–छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं कानूनों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में वैवाहिक घर में रहने का अधिकार, संपत्ति व स्त्रीधन, भरण–पोषण, घरेलू हिंसा से संरक्षण तथा तलाक संबंधी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए PCPNDT एक्ट और मुखबिर योजना का परिचय देते हुए बताया कि अवैध लिंग जांच की शिकायत करने पर 3 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
एडवोकेट कृष्णा सोनी ने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से सुरक्षा हेतु POSH अधिनियम, पॉक्सो और नए लागू कानून-भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA)-के मुख्य प्रावधानों पर प्रकाश डाला।
इसके साथ ही बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान, मुख्यमंत्री नारी प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना, RS–CFA/RS–CIT निःशुल्क प्रशिक्षण, काली बाई भील शिक्षा सेतु योजना, नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना एवं बच्चियों को जन्म से 21 वर्ष तक मिलने वाली डेढ़ लाख रुपये की सात किस्तों वाली सहायता योजनाओं की जानकारी साझा की गई।
अंत में PSSK, OSC और MSSK केंद्रों की भूमिका बताते हुए छात्र–छात्राओं को बाल विवाह रोकथाम व बेटी बचाओ के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई और आवश्यक हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए गए।