शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत लक्ष्मणगढ़ में कार्रवाई
लक्ष्मणगढ़/सीकर. राज्य सरकार के शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत चिकित्सा विभाग ने लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में सघन कार्रवाई करते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया। इस दौरान कुल 540 किलोग्राम काजू व बेसन को सीज किया गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने लक्ष्मणगढ़ के विभिन्न खाद्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूलसिंह बाजिया, नंदराम मीणा एवं सुरेश कुमार शर्मा शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूलसिंह बाजिया ने बताया कि जांच के दौरान बनवारीलाल भारतीय की दुकान से काजू टुकड़ी का नमूना लिया गया तथा 210 किलोग्राम काजू को संदेह के आधार पर सीज किया गया। इसी प्रकार श्री लाम्बेरी सांभेरी माताजी ट्रेडिंग कम्पनी, लक्ष्मणगढ़ से चना बेसन का नमूना लिया गया और 330 किलोग्राम बेसन को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त गणेश मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला का सैंपल भी जांच के लिए लिया गया।
सभी नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, जयपुर भिजवाया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावट पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इसके साथ ही लक्ष्मणगढ़ में आयोजित लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन शिविर में कुल 122 खाद्य लाइसेंस बनाए गए। खाद्य कारोबारकर्ताओं को एफएसएसएआई के नियमों की सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए गए। मिठाई विक्रेताओं को मिठाइयों में रंगों के प्रयोग को केवल मानकों के अनुरूप रखने की हिदायत दी गई। चिकित्सा विभाग ने आमजन को सुरक्षित व शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी नियमित जांच अभियान जारी रखने की बात कही है।