जनगणना 2027: सीकर जिले में 4,500 ब्लॉक बनेंगे
सीकर. जनगणना 2027 को लेकर सीकर जिले में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। जिला कलेक्ट्रेट में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत गुरुवार को 27 नियमित सहायकों को प्रशिक्षण दिया गया। शुक्रवार से तहसीलदार, कमिश्नर और ईओ के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा।
प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलेक्टर मुकुल शर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नियुक्त अधिकारी और कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक एंट्री को सावधानीपूर्वक क्रॉस-चेक करें, ताकि त्रुटियों की गुंजाइश न रहे।
जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में 16 मई से 15 जून तक हाउस लिस्टिंग का कार्य किया जाएगा, जिसके बाद मुख्य जनगणना शुरू होगी। जिले के सभी 1,152 राजस्व ग्रामों और 490 शहरी वार्डों को इसमें शामिल किया जाएगा।
उपजिला जनगणना अधिकारी डॉ अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि जिले को लगभग 4,500 ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ब्लॉक में 120-150 घर या 650-800 व्यक्ति शामिल होंगे। इसके लिए 4,500 प्रगणक और 750 सुपरवाइजर नियुक्त किए जाएंगे। 92 फील्ड ट्रेनर और 2 मास्टर ट्रेनर सभी कार्मिकों को प्रक्रिया समझाएंगे।
आमजन खुद कर सकेंगे जनगणना
कलेक्टर मुकुल शर्मा ने बताया कि 1 मई से 15 मई तक आमजन ‘स्वजनगणना’ के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। सीएमएमएस (Census Management and Monitoring System) पोर्टल पर ऑनलाइन विवरण भरकर डिजिटल तरीके से जनगणना पूरी की जा सकेगी।
प्रशिक्षण सत्र में जिला साक्षरता अधिकारी डॉ सीपी महर्षि, सांख्यिकी अधिकारी सरजीत मावलिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।