PHM NEWS

श्री कृष्ण सत्संग बालिका महाविद्यालय में चुनावी साक्षरता महोत्सव आयोजित

प्रकाशित: 13 Mar 2026

सीकर. शहर के श्री कृष्ण सत्संग बालिका महाविद्यालय में निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में “चुनावी साक्षरता महोत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा मतदाताओं को मतदान के महत्व, चुनावी प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

 

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला साक्षरता अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश महर्षि ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारा महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि सशक्त लोकतंत्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान करना अत्यंत आवश्यक है और शत-प्रतिशत मतदान से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत बनती है।

 

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजू शर्मा ने अपने संबोधन में छात्राओं से आह्वान किया कि जो विद्यार्थी पहली बार मतदाता बनने जा रहे हैं, वे स्वयं मतदाता पंजीकरण अवश्य कराएं तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र सुदृढ़ बन सकता है।

 

कार्यक्रम के दौरान भारतीय निर्वाचन प्रणाली, मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया तथा वीवीपेट मशीन से संबंधित जानकारी भी दी गई। साथ ही छात्राओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।

 

इस अवसर पर सहायक जनसंपर्क अधिकारी राकेश कुमार ढाका ने छात्राओं से विभिन्न प्रश्न पूछकर चुनावी प्रक्रिया से संबंधित जानकारी साझा की। कार्यक्रम के अंत में चुनावी साक्षरता एंबेसडर जयश्री पारीक ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और छात्राओं का आभार व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया गया।