सीएलसी विजयोत्सव 2025 भव्यता के साथ सम्पन्न
सीकर. नीट, जेईई, एनडीए एवं स्कूलिंग शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सीएलसी द्वारा आयोजित “सीएलसी विजयोत्सव 2025” अत्यंत भव्यता, गरिमा एवं ऐतिहासिक स्वरूप में सम्पन्न हुआ। चैलासी स्थित सीएलसी सीबीएसई स्कूल (सीआईएस) परिसर में आयोजित इस समारोह में नीट एवं जेईई 2025 में चयनित 1650 से अधिक सीएलसीयन्स, उनके गौरवशाली अभिभावकों तथा भारतीय वायुसेना में चयनित एनडीए कैडेट्स का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिक्किम के राज्यपाल महामहिम ओमप्रकाश माथुर रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि सीएलसी ने ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले हजारों विद्यार्थियों को डॉक्टर, इंजीनियर और अधिकारी बनाकर उनके सपनों को साकार किया है। शिक्षा को उन्होंने राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बताया और विद्यार्थियों को देशसेवा के लिए प्रेरित किया।
यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने सीएलसी निदेशक इंजीनियर श्रवण चौधरी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीकर को कोचिंग हब बनाने में सीएलसी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वहीं पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती ने सीएलसी को संस्कारों की पाठशाला बताया। हरियाणा सरकार के मुख्य सूचना आयुक्त प्रदीप शेखावत ने कहा कि “हर गांव-ढाणी से डॉक्टर और इंजीनियर” का सपना आज साकार होता दिख रहा है।
विशेष आकर्षण के रूप में नीट 2025 में ऑल इंडिया फर्स्ट रैंक प्राप्त कर एम्स दिल्ली में चयनित छात्र निशांत को 5 लाख रुपये नकद पुरस्कार तथा राजस्थान बोर्ड कक्षा 10 में राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा वंदना तंवर को 1 लाख रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
विजयोत्सव की कार्निवल थीम, मनोरंजन गतिविधियों, फूड ज़ोन एवं समापन पर डीजे पार्टी ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।