PHM NEWS

सीकर में ‘मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान’ की शुरुआत

प्रकाशित: 20 Mar 2026

सीकर. शहर में ‘मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान’ के तहत आम नागरिकों से उनके वार्ड के विकास के लिए सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं। यह अभियान राज्य सरकार की डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना और विकसित राजस्थान @2047 के विजन के तहत संचालित किया जा रहा है।

 

नगर परिषद सीकर ने शुक्रवार को शहर के सभी 65 वार्डों के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर वार्ड स्तर पर विकास की प्रक्रिया को गति दी है। अभियान का शुभारंभ 19 मार्च को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा जयपुर से किया गया, जो 15 मई 2026 तक चलेगा।

 

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्थानीय आवश्यकताओं और नागरिकों की आकांक्षाओं के अनुरूप बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। इसके तहत जल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, सड़क निर्माण, सीवरेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइट, ठोस कचरा प्रबंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

 

अभियान के दौरान प्रत्येक वार्ड का अलग-अलग मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा, जिससे वर्ष 2047 तक शहर को विकसित स्वरूप देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए वार्ड स्तर पर डायनामिक प्रोफाइल भी तैयार की जाएगी।

 

नगर परिषद ने जानकारी दी कि 20 मार्च से वार्ड सभाओं की शुरुआत हो चुकी है, जहां नागरिक अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा नगर परिषद कार्यालय के निर्माण अनुभाग में भी सुझाव दिए जा सकते हैं।

 

23 मार्च से 30 अप्रैल 2026 तक प्रत्येक वार्ड में विशेष सभाएं आयोजित कर सीकर शहर का विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि विकास कार्यों की प्राथमिकता तय कर उन्हें तेजी से पूरा किया जा सके।