संभागीय आयुक्त पूनम ने किया उपखंड कार्यालय व कलेक्ट्रेट का वार्षिक निरीक्षण
सीकर. जयपुर की संभागीय आयुक्त पूनम ने बुधवार को सीकर जिले के उपखंड अधिकारी कार्यालय और कलेक्ट्रेट का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में संचालित विभिन्न कार्यों, अभिलेखों के संधारण और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली।
संभागीय आयुक्त ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन करते हुए रिकॉर्ड प्रबंधन, फाइलों के रख-रखाव तथा जनसुनवाई से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े मामलों का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी सेवाओं का समय पर लाभ मिल सके।
इसके बाद संभागीय आयुक्त पूनम ने जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा के साथ कलेक्ट्रेट में बैठक कर जिले में राज्य सरकार की बजट घोषणाओं और फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) रतन कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा, उपखंड अधिकारी सीकर निखिल कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।