PHM NEWS

फतेहपुर पिंजरापोल में 1 करोड़ की लागत से पांच आधुनिक गौ आवासों का निर्माण शुरू

प्रकाशित: 24 Jan 2026

फतेहपुर/सीकर. जयपुर–बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 52 पर स्थित फतेहपुर (राज.) पिंजरापोल सोसायटी द्वारा संचालित गौशाला एवं नंदीशाला में गौसेवा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। यहां करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से पांच आधुनिक गौ आवासों का निर्माण किया जाएगा, जिससे राजमार्ग से गुजरने वाले यात्री आसानी से गौमाता के दर्शन कर सकेंगे और उनकी सेवा भी कर पाएंगे।

 

पिंजरापोल सोसायटी की चार शाखाओं में वर्तमान में 2000 से अधिक गोवंश आश्रयरत हैं। गोवंश की निरंतर बढ़ती संख्या के कारण आवास की कमी महसूस की जा रही थी। साथ ही कुछ पुराने गौ आवास 100 वर्ष से अधिक पुराने होने के कारण जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुके हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बाबूलाल झालानी के नेतृत्व में सीकर रोड शाखा पर पांच नए सुविधाजनक गौ आवास बनाने का संकल्प लिया गया है।

 

प्रत्येक गौ आवास लगभग 146 फीट लंबा और 100 फीट चौड़ा होगा। इनमें तीन साइड निर्माण, पानी की खेल तथा चारा-पानी की समुचित व्यवस्था की जाएगी। हाईवे की ओर से गौभक्त रुककर गुड़, चारा आदि गोवंश को खिला सकेंगे। प्रत्येक आवास की अनुमानित लागत 20 लाख रुपये होगी।

 

श्रीमती रामादेवी की स्मृति में मोदी कॉन प्राइवेट लिमिटेड के ट्रस्टी दानवीर सांवरमल मोदी के सहयोग से एक गौ आवास का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। वहीं बसंत पंचमी के अवसर पर भामाशाह गिरधारी लाल मोदी व मोदीसन चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से दो अन्य गौ आवासों के लिए भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया गया।

 

इस अवसर पर बाबूलाल झालानी, सुनील बूबना, रामनिवास सैनी सहित अनेक गणमान्य गौभक्त उपस्थित रहे। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि नए गौ आवास बनने से गोवंश को सर्दी-गर्मी से राहत मिलेगी और बेहतर देखभाल संभव हो सकेगी।