PHM NEWS

नए बस स्टैंड के निर्माण कार्य का विधायक हाकम अली खान निरीक्षण

प्रकाशित: 21 Nov 2025

फतेहपुर/सीकर. कस्बे के मुख्य हाईवे पर सदर थाना के सामने निर्माणाधीन नए रोडवेज बस स्टैंड "पद्मश्री शीशराम ओला बस स्टैंड" के कार्यों की प्रगति का विधायक हाकम अली खान ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों एवं ठेकेदारों से प्रगति रिपोर्ट मांगी और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

विधायक ने कहा कि नए बस स्टैंड के शुरू होने से कस्बेवासियों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही वर्तमान पुराने बस स्टैंड पर बारिश, जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसका लाभ हजारों यात्रियों को मिलेगा।

1.76 करोड़ की लागत से निर्माण कार्य प्रगतिशील

राज्य सरकार द्वारा नए बस स्टैंड के निर्माण के लिए 1 करोड़ 76 लाख 33 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से यात्री विश्राम कक्ष, मंच, प्रसाधन, पार्किंग एवं आधुनिक सुविधाओं सहित सम्पूर्ण ढांचा विकसित किया जा रहा है।

2021 में बनाई गई थी चार दिवारी

गौरतलब है कि अगस्त 2021 में नगर परिषद द्वारा 38 लाख 28 हजार रुपये की लागत से बस स्टैंड परिसर की चार दिवारी का निर्माण किया गया था। तब से क्षेत्रवासियों को नए बस स्टैंड के पूर्ण निर्माण की उम्मीद बनी हुई थी, जो अब मूर्त रूप लेती नजर आ रही है।