सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

बालिका विद्यालय में माहवारी स्वास्थ्य, पोषण व मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन : एनीमिया से बचाव और जीवन कौशल की दी जानकारी

सीकर | 08-Apr-2026 07:53 AM | 385 |
सीकर
एनीमिया से बचाव और जीवन कौशल की दी जानकारी

सीकर. महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक राजेंद्र कुमार चौधरी के निर्देशन में मंगलवार को पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र द्वारा दौलतपुरा बालिका सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को माहवारी स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया से बचाव, जीवन कौशल तथा मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

 

कार्यक्रम में केंद्र प्रबंधक नीलम कुमारी एवं रिचा पारीक ने विद्यालय के प्रिंसिपल ओमप्रकाश तथा पीएचसी दौलतपुरा की डॉ. कविता के समन्वय से छात्राओं को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि माहवारी एक सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है, जिसे लेकर किसी प्रकार की झिझक या भ्रम नहीं होना चाहिए।

 

छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने की आवश्यकता बताते हुए कहा गया कि सेनेटरी पैड को हर 4 से 6 घंटे में बदलना चाहिए। साथ ही गुनगुने पानी का उपयोग करने और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई।

 

पोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की आवश्यकता बताई गई। एनीमिया से बचाव के लिए आयरन, विटामिन बी12 और विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थ जैसे हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, टमाटर, आंवला और संतरा को नियमित आहार में शामिल करने की सलाह दी गई।

 

कार्यक्रम में जीवन कौशल के अंतर्गत आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम, परिवार और मित्रों के साथ संवाद बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल सहित समस्त अध्यापिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.