PHM NEWS

जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने एस.के. अस्पताल का किया निरीक्षण

प्रकाशित: 26 Jan 2026

सीकर. जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने रविवार को एस.के. अस्पताल का निरीक्षण कर ट्रॉमा सेंटर सहित विभिन्न वार्डों में चिकित्सा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रोमा सेंटर, आपातकालीन वार्ड, सामान्य वार्ड, आईसीयू, ओपीडी सहित अस्पताल के प्रमुख विभागों का दौरा कर उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं की स्थिति, साफ-सफाई एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की।

 

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार की जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर बेहतर, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

जिला कलेक्टर ने अस्पताल के पीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल को आईसीयू में क्षतिग्रस्त टाइल्स की मरम्मत का कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने फिमेल सर्जिकल वार्ड में भर्ती दो महिला सफाई कर्मियों तथा जनरल सर्जरी वार्ड में भर्ती धोद क्षेत्र के सरवड़ी गांव के रोगी लक्ष्मणराम से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में बने फाउंटेन की साफ-सफाई कर उसे शीघ्र चालू करवाने के भी निर्देश दिए।

 

ट्रॉमा सेंटर के निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने उपलब्ध संसाधनों, चिकित्सकीय उपकरणों एवं स्टाफ की तैनाती की समीक्षा करते हुए कहा कि आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि दुर्घटना एवं गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार मिल सके। साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीकर पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, पीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं कार्मिक उपस्थित रहे।