PHM NEWS

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

प्रकाशित: 17 Dec 2025

सीकर. जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने मंगलवार को राजनैतिक दलों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति और प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को घोषित कार्यक्रम के अनुसार 4 नवम्बर से 11 दिसम्बर 2025 तक गणना चरण पूर्ण किया गया।

जिले में गहन पुनरीक्षण कार्य प्रारम्भ होने से पूर्व कुल 22,72,712 मतदाता पंजीकृत थे। गणना चरण के दौरान 21,28,862 मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र भरकर जमा कराए गए, जिनके नाम 16 दिसम्बर 2025 को जारी प्रारूप मतदाता सूची में सम्मिलित किए गए हैं। वहीं 1,43,850 गणना प्रपत्र अप्राप्त रहे, जिनमें मृत, स्थायी रूप से स्थानान्तरित, अनुपस्थित, एकाधिक पंजीकरण एवं अन्य कारण शामिल हैं। इनकी सूची राज्य एवं जिला वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है तथा मतदान केन्द्रों और कार्यालयों पर चस्पा की गई है।

बैठक में बताया गया कि 5 व 6 दिसम्बर को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर बीएलओ और बूथ लेवल एजेंटों के साथ बैठक कर अप्राप्त गणना प्रपत्रों की जानकारी साझा की गई। इसके अतिरिक्त 3,899 फॉर्म-6 ऑनलाइन एवं 2,247 फॉर्म-6 ऑफलाइन प्राप्त हुए हैं, जिनका नाम नियमानुसार जोड़ा जाएगा। 18 वर्ष पूर्ण करने वाले पात्र युवा भी फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रारूप मतदाता सूची की हार्ड व सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही जिले में 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों का पुनर्गठन कर 337 नए मतदान केन्द्र सृजित किए गए हैं, जिससे अब कुल 2419 मतदान केन्द्र हो गए हैं।

आयोग के कार्यक्रम अनुसार 16 दिसम्बर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारण कर 14 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।