PHM NEWS

जिला कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय सुशासन दिवस कार्यक्रम आयोजित

प्रकाशित: 26 Dec 2025

सीकर. पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर जिलेभर में सुशासन दिवस श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाया गया। जिला कलेक्ट्रेट के वीसी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई।

 

जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने शपथ दिलाते हुए कहा कि सुशासन का उद्देश्य शासन को अधिक पारदर्शी, सहभागी, जनकल्याण केंद्रित और जवाबदेह बनाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रदेश में सुशासन के उच्चतम मानदंड स्थापित करने तथा आमजन के जीवन स्तर में सुधार के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के दौरान जिले के सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सुशासन दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा दिए गए संबोधन का सीधा प्रसारण सुना। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार स्वामी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल यादव, प्रशासनिक सुधार विभाग की सहायक निदेशक इंदिरा शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह शेखावत सहित अनेक जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

सुशासन दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर की विभिन्न शाखाओं में भी अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार स्वामी की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सुशासन की शपथ ली।

 

इसके अतिरिक्त सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय, प्रशासनिक सुधार विभाग, जिला उद्योग केंद्र, राजीविका, पीएचईडी, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम सीकर आगार, आयुर्वेद विभाग, सहकारिता विभाग सहित जिले के सभी जिला स्तरीय कार्यालयों में सुशासन दिवस मनाया गया। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा के संकल्प के साथ सुशासन की शपथ लेकर अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दिया।