सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

राष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 पर जिला स्तरीय ‘लाड़ो सम्मान समारोह’ आयोजित : स्वास्थ्य, शिक्षा व सशक्तिकरण में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को किया गया सम्मानित

सीकर | 24-Jan-2026 07:57 AM | 385 |
सीकर
स्वास्थ्य, शिक्षा व सशक्तिकरण में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को किया गया सम्मानित

सीकर. राष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग, सीकर द्वारा जिला स्तरीय ‘लाड़ो सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) सीकर भावना शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीकर की सचिव शालिनी गोयल उपस्थित रहीं। उपनिदेशक महिला अधिकारिता विभाग सीकर राजेन्द्र कुमार चौधरी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि समारोह का उद्देश्य बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सशक्तिकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करना रहा।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात एम. के. मेमोरियल स्कूल की बालिकाओं ने सांस्कृतिक स्वागत प्रस्तुति देकर सभी का मन मोहा। उप जिला प्रमुख ताराचंद धायल ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए बेटियों को बेटों के समान पोषण, शिक्षा एवं अवसर प्रदान करना आवश्यक है।

 

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत प्रथम तिमाही में एएनसी पंजीकरण एवं संस्थागत प्रसव के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 6 चिकित्सा संस्थाओं, सीएचसी व पीएचसी को 10-10 हजार रुपये की नकद सहायता राशि, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार बालिकाओं के पूर्ण टीकाकरण में सराहनीय कार्य करने वाली 6 सीएचसी/पीएचसी को भी समान राशि से सम्मानित किया गया। साथ ही 3 सर्वश्रेष्ठ महिला एएनएम को 5-5 हजार रुपये की नकद सहायता राशि प्रदान की गई।

 

शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं के शत-प्रतिशत नामांकन एवं विद्यालयों में क्रियाशील शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने वाले 12 विद्यालयों को प्रति विद्यालय 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। इसके अतिरिक्त कक्षा 12 के कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय तथा कक्षा 10 की राज्य बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को 5-5 हजार रुपये की नकद सहायता राशि, प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.