PHM NEWS

सेवा शिविर में आपसी सहमति से खाता विभाजन का सफल निस्तारण

प्रकाशित: 24 Dec 2025

सीकर. जिले की धोद पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत माण्डोता, तहसील सीकर ग्रामीण में आयोजित भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त माण्डोता ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान प्रशासन एवं ग्रामीणों के आपसी सहयोग से एक महत्वपूर्ण प्रकरण का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। यह शिविर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित, सरल एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी साबित हुआ।

शिविर में खातेदार मंगलाराम पुत्र जोरूराम, श्योपास पुत्र जोरूराम, गोविंदराम, बाबूलाल पुत्र सावताराम एवं सुरेन्द्र कुमार पुत्र ओमप्रकाश द्वारा आपसी सहमति से वर्षों से लंबित खाता विभाजन की प्रक्रिया को पूर्ण कराया गया। प्रशासन की मध्यस्थता और समझाइश से सभी पक्षों ने सहमति जताई, जिससे बिना किसी विवाद के खाता विभाजन संभव हो सका। इसके अतिरिक्त हनुमान पुत्र पदमाराम एवं खीवराम से संबंधित नाम शुद्धिकरण तथा रास्ता प्रस्ताव की प्रक्रिया भी शिविर में ही पूरी की गई।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार रामस्वरूप बाकोलिया, अतिरिक्त विकास अधिकारी लालचंद चौहान, सरपंच छिगनी देवी, गिरदावर राजवीर सिंह बुडानिया, पटवारी रामकुमार जाखड़, सुनील कुमार शर्मा, जितेंद्र कुमार, ग्राम विकास अधिकारी बलवीर सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। सभी ने समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया।

सेवा शिविर में त्वरित एवं पारदर्शी समाधान मिलने से उपस्थित काश्तकारों ने संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविरों से समय, धन और अनावश्यक विवादों से बचाव होता है। शिविर की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रशासन और आमजन के सहयोग से जमीनी स्तर पर समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।