सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी ही जनमानस की पहली पसंद : एडीएम भागीरथ साख : इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी अजीतगढ़ द्वारा सड़क सुरक्षा कार्यशाला एवं स्थानांतरित–नवागंतुक अधिकारियों का सम्मान

सीकर | 22-Dec-2025 06:54 PM | 385 |
सीकर
इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी अजीतगढ़ द्वारा सड़क सुरक्षा कार्यशाला एवं स्थानांतरित–नवागंतुक अधिकारियों का सम्मान

सीकर. अजीतगढ़ शहर स्थित होटल नारायण पैलेस में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी अजीतगढ़ के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला एवं स्थानांतरित व नवागंतुक अधिकारियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के योगदान को सम्मानित करना रहा।

तहसील प्रभारी कपिल मीणा ने बताया कि समारोह में नीमकाथाना के निवर्तमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गिरधारी लाल शर्मा एवं श्रीमाधोपुर के निवर्तमान तहसीलदार जगदीश प्रसाद बैरवा को स्थानांतरण पर विदाई दी गई। वहीं नवागंतुक नीमकाथाना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश मीणा तथा अजीतगढ़ पुलिस उपाधीक्षक प्रेम बहादुर निर्भय का अभिनंदन किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि नीमकाथाना अतिरिक्त जिला कलेक्टर भागीरथ साख ने कहा कि कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी ही जनमानस की सच्ची चाहत होते हैं। सकारात्मक सोच के साथ यदि अधिकारी आमजन के वैध कार्य समय पर निबटाएं तो प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होता है।

निवर्तमान एएसपी गिरधारी लाल शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अधिकारी को प्रतिदिन जनता से कुछ नया सीखते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए। नवागंतुक एएसपी लोकेश मीणा ने कहा कि वे पूर्व अधिकारियों की कार्यशैली से प्रेरणा लेकर जनहित में कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे।

निवर्तमान तहसीलदार जगदीश प्रसाद बैरवा ने कहा कि अधिकारी को कार्यालय और फील्ड दोनों में जनता को धैर्यपूर्वक सुनकर विधिसम्मत कार्य समय पर पूरे करने चाहिए। रेडक्रॉस सोसायटी के जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार लाटा ने संस्था को पीड़ित मानवता की सेवा के लिए संकल्पित बताया।
कार्यशाला के दौरान सड़क सुरक्षा संदेश देते हुए दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए तथा वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए। पुलिस उपाधीक्षक प्रेम बहादुर निर्भय ने नियमों की पालना कर दूसरों को प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.