फतेहपुर में सांड के हमले से बुजुर्ग की मौत
फतेहपुर/सीकर. कस्बे में आवारा सांड के हमले में घायल हुए एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो जाने से शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद लोगों ने नगर परिषद व जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार धानुका मंदिर क्षेत्र के निवासी मोतीलाल भार्गव संकरी गली में कपड़ों का ठेला लगाकर अपना व्यवसाय करते थे। करीब एक सप्ताह पहले अचानक एक आवारा सांड ने पीछे से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर उन्हें सांड से बचाया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें सीकर रेफर किया गया। वहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जयपुर भेज दिया। जयपुर के अस्पताल में पिछले पांच दिनों से उनका उपचार चल रहा था, लेकिन शनिवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फतेहपुर शहर में लंबे समय से आवारा पशुओं की समस्या बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी नगर परिषद और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी शहर में सांड के हमले से एक महिला और एक बुजुर्ग की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों ने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़ने और शहर में सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।