सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

गिरदावर सर्किल स्तरीय ग्राम उत्थान शिविर का आयोजन : ग्लोबल राजस्थान टूरिज्म मीट–2026 की तैयारियों को मजबूती

सीकर | 01-Feb-2026 01:35 PM | 385 |
सीकर
ग्लोबल राजस्थान टूरिज्म मीट–2026 की तैयारियों को मजबूती

श्रीमाधोपुर/सीकर. ग्लोबल राजस्थान टूरिज्म मीट–2026 के सफल आयोजन की तैयारियों को मजबूती देने तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी एवं जमीनी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत मूंडरू में गिरदावर सर्किल स्तरीय ग्राम उत्थान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय योजनाओं का त्वरित, पारदर्शी एवं सीधा लाभ प्रदान किया गया।

 

श्रीमाधोपुर विकास अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों को कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं से सीधे जोड़ना है। साथ ही विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन तथा ग्रामीण गारंटी अधिनियम–2025 की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।

कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों को तारबंदी, डिग्गी, फार्म पॉण्ड, फव्वारा एवं ड्रिप सिंचाई, प्लास्टिक मल्चर, पॉली हाउस, मिट्टी परीक्षण तथा नकदी फसलों के महत्व की जानकारी दी गई। शिविर में किसानों को बीज एवं मिनी किट का वितरण भी किया गया।

 

कृषि विपणन विभाग द्वारा पीएम-एफएमई योजना के आवेदन तैयार किए गए तथा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत किसान क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी दी गई। सहकारिता विभाग ने सहकारी समितियों के पंजीकरण, मुख्यमंत्री किसान निधि की डीबीटी, किसान क्रेडिट कार्ड आवेदन, सहकारी ऋण सेवाएं, स्वयं सहायता समूहों को ऋण, 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान योजना एवं कन्या विवाह सहायता से जुड़े कार्य मौके पर ही किए।

 

पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा मुख्यमंत्री पालन पशु योजना, पशुओं की गर्भावस्था जांच, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, पशु आहार एवं खनिज मिश्रण वितरण तथा पशु शाला विकास योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर योजनाओं का लाभ उठाया। शिविर में शिविर प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.