PHM NEWS

ग्राम रथ अभियान से गांव-गांव पहुंच रही सरकारी योजनाओं की जानकारी

प्रकाशित: 10 May 2026

सीकर. राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के तहत रविवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आकर्षक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां ग्रामीणों ने योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ भी प्राप्त किया।

 

अभियान के अंतर्गत फतेहपुर पंचायत समिति की बलोद भाकरा, बलोद छोटी तथा लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र की जेवली, घिरणियां बड़ा, तुनवा, काछवा और बोदलासी ग्राम पंचायतों सहित धोद, दांतारामगढ़ और खंडेला क्षेत्र के विभिन्न गांवों में एलईडी वैन के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।

 

ग्राम रथ गांवों में पहुंचते ही ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और कार्यक्रम स्थलों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान 13 विभागों की प्रमुख योजनाओं का डिजिटल माध्यम से जीवंत प्रसारण किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश भी सुनाया गया, जिसमें उन्होंने आमजन से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

 

कार्यक्रमों में लोक कलाकारों ने गीत, भजन और नुक्कड़ नाटकों के जरिए योजनाओं की जानकारी रोचक अंदाज में प्रस्तुत की। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने ग्रामीणों का मनोरंजन करने के साथ-साथ योजनाओं की आवेदन प्रक्रिया और लाभ को सरल भाषा में समझाया।

 

विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शिका एवं प्रचार सामग्री वितरित कर जागरूक किया। अभियान के दौरान सुझाव पेटिका भी रखी गई, जिसमें ग्रामीणों ने अपने सुझाव और फीडबैक दर्ज कराए।

 

अधिकारियों ने बताया कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उसे लाभ से जोड़ना है। अभियान में कृषि, पशुपालन, डेयरी, ऊर्जा, पंचायती राज, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी रही।