शेखावाटी विश्वविद्यालय अन्तर महाविद्यालय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ
सीकर. ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान समिति, शिवसिंहपुरा, सीकर द्वारा संचालित ग्रामीण महिला महाविद्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय की अन्तर महाविद्यालय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ किया गया। उद्घाटन समारोह का आरंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिससे सम्पूर्ण वातावरण खेल भावना और उत्साह से ओत-प्रोत हो गया।
समारोह की अध्यक्षता प्रो. मदनलाल, सेवानिवृत्त प्राचार्य, श्री कल्याण वाणिज्य महाविद्यालय, सीकर ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि खेलकूद छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। खेल केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि मानसिक एवं सामाजिक विकास का भी सशक्त माध्यम हैं।
मुख्य अतिथि सांवरमल मील, चेयरमैन एवं निदेशक (जीवनी ग्रुप ऑफ एजुकेशन, चिड़ावा), पूर्व डिप्टी कमिश्नर (GST) राजस्थान, समाजसेवी एवं भामाशाह ने छात्राओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन हेतु संस्थान को 51,000 रुपये की सहयोग राशि भेंट की। विशिष्ट अतिथि सुशील कुमार सिंह, प्रोजेक्ट ऑफिसर, सेंटर फॉर टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट, नई दिल्ली ने ईमानदारी और समर्पण के साथ खेल खेलने का संदेश दिया।
महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की कुल 7 टीमों ने भाग लिया। उद्घाटन मैच महर्षि परशुराम कॉलेज, दांता एवं एस.आर.आर.एम. राजकीय महाविद्यालय, नवलगढ़ के मध्य खेला गया।
समारोह में अतिथियों का स्वागत संस्थान अध्यक्ष इंजि. झाबरमल, कोषाध्यक्ष रामनिवास मील, सह-सचिव प्रभुदयाल ओला, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुभाग जाखड़ एवं विद्याधर पिलानियां द्वारा किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। कार्यक्रम में छात्राएं, संकाय सदस्य एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. संगीता गर्वा ने किया।