खाटू धाम विकास कार्यों की प्रगति पर उच्चस्तरीय बैठक सम्पन्न
सीकर. जिले के खाटूश्यामजी कस्बे में खाटू धाम विकास कार्यों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीएम भावना शर्मा एवं उपखंड अधिकारी मोनिका सामोर ने की। यह बैठक उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी द्वारा स्वदेश दर्शन योजना–2 के तहत किए गए निरीक्षण के बाद जयपुर में गठित कमेटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित की गई, जिसमें कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे।
बैठक में पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका, पर्यटन विभाग, पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। खाटू धाम में हर वर्ष बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात सुगमता, पार्किंग की क्षमता बढ़ाने तथा आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
नगर पालिका ईओ प्रवीण कुमार ने भीड़ प्रबंधन, सफाई व्यवस्था, पेयजल, शौचालय तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार संबंधी सुझाव प्रस्तुत किए। वहीं एएसपी दीपक गर्ग ने चारों दिशाओं में बड़ी पार्किंग स्थलों के विकास को अत्यंत आवश्यक बताया, ताकि त्योहारों एवं मेलों के दौरान आने वाली भारी भीड़ को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान कार्ययोजना की समीक्षा कर आवश्यक संशोधन किए जाएंगे और विकास परियोजनाओं को शीघ्र लागू किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
एडीएम भावना शर्मा ने निर्देश दिए कि पर्यटन विभाग और नगर पालिका संयुक्त रूप से तीन दिनों के भीतर स्थल का वास्तविक आकलन कर संशोधित कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, भाजपा नेता पवन पुजारी, गजानंद कुमावत, श्याम मंदिर कमेटी अध्यक्ष पृथ्वी सिंह चौहान, मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।