सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

फतेहपुर में चाइनीज मांझे पर कोतवाली पुलिस की सख्त कार्रवाई : 4 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में चाइनीज मांझा जब्त

सीकर | 29-Dec-2025 10:54 AM | 385 |
सीकर
4 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में चाइनीज मांझा जब्त

फतेहपुर/सीकर. आखिरकार फतेहपुर कोतवाली पुलिस ने जानलेवा चाइनीज मांझे के अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस अभियान में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में खतरनाक नायलॉन चाइनीज मांझा जब्त किया है। इस सख्त कार्रवाई के बाद अवैध रूप से मांझा बेचने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।

 

मीडिया द्वारा लगातार इस गंभीर और जानलेवा समस्या को उजागर किए जाने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। थानाधिकारी कोतवाली फतेहपुर महेंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर सुनियोजित अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जिला सीकर श्री प्रवीण नायक (आईपीएस) के निर्देशन एवं श्री अरविंद जाट आरपीएस सहित वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में 28 दिसंबर 2025 को की गई। पुलिस टीम ने कस्बा फतेहपुर के विभिन्न इलाकों में दबिश देकर अवैध रूप से चाइनीज मांझा बेचने व भंडारण करने वालों पर शिकंजा कसा।

 

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद आदिल पुत्र रुस्तम अली (25) निवासी वार्ड नंबर 29, छतरियां मोहल्ला, सुनील कुमार पुत्र मदन लाल (25) निवासी सनी चौक, सोहनलाल उर्फ कालूं पुत्र किशोरीलाल (40) निवासी सनी चौक तथा रमेश पुत्र मूलचंद (44) निवासी वार्ड नंबर 30, साई बाजार, फतेहपुर शामिल हैं। चारों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है।

 

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कोतवाल महेंद्र कुमार मीणा ने जनसुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की, जिससे अवैध कारोबारियों में भय का माहौल बना है। कार्रवाई में भंवरसिंह, मनोज कुमार, रामनिवास, नेमीचंद, सतपाल, प्रवीन कुमार, कानाराम, राजाराम व सुरेश कुमार की अहम भूमिका रही।

 

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चाइनीज मांझा जानलेवा है और इसके विक्रय, भंडारण या उपयोग में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.