PHM NEWS

जनता क्लीनिक व आंगनबाड़ियों पर होंगे मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं पोषण दिवस सत्र

प्रकाशित: 31 Dec 2025

सीकर. जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व सुलभ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल सिंह ने मंगलवार को उप जिला अस्पताल रींगस, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीमाधोपुर तथा जनता क्लीनिक श्रीमाधोपुर शहर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का गहन अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान डॉ. विशाल सिंह ने पाया कि वर्तमान में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं पोषण दिवस सत्र केवल एसडीएच रींगस और सीएचसी श्रीमाधोपुर पर ही आयोजित किए जा रहे हैं। इस पर उन्होंने दोनों शहरों की संपूर्ण आबादी को समयबद्ध व प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए माइक्रोप्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में जनता क्लीनिक, वार्ड स्तर तथा आंगनबाड़ियों पर माह में नियमित रूप से सत्र आयोजित किए जाएं, ताकि एएनसी जांच, टीकाकरण व अन्य आवश्यक सेवाएं लाभार्थियों को उनके निकटतम स्थान पर मिल सकें।

 

डॉ. सिंह ने लैबर रूम व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा निर्देश दिए कि जन्म के समय नवजात शिशुओं को दी जाने वाली जीरो डोज हेपेटाइटिस-बी एवं ओपीवी वैक्सीन को फ्रिज में सुरक्षित रूप से संधारित किया जाए और लैबर रूम स्टाफ द्वारा बिना विलंब टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

 

इसके अतिरिक्त उन्होंने संस्थानों में साफ-सफाई, दवाओं एवं जांच सुविधाओं की उपलब्धता, वार्डों, लैबर रूम, एनबीएसयू, उजाला क्लिनिक, टीकाकरण सत्र, कोल्ड चैन प्वाइंट पर वैक्सीन संधारण तथा आरसीएच कार्यक्रम सहित अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। जनता क्लीनिक पर उपस्थित स्टाफ को नियमानुसार कार्यप्रणाली में सुधार कर क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान वैक्सीन मैनेजर रणजीत सिंह एवं कोल्ड चैन इंजीनियर राकेश स्वामी भी उपस्थित रहे।