मोहल्ला नायकान में सड़क चौड़ाईकरण की तैयारी
सीकर. शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर परिषद सीकर द्वारा सड़क चौड़ाईकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशानुसार मोहल्ला नायकान क्षेत्र में फतेहपुर रोड से डॉक्टर बुटालिया, पाबुजी मंदिर होते हुए भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कार्यालय तक जाने वाले मार्ग को चौड़ा किया जाएगा।
नगर परिषद के अनुसार इस मार्ग पर वाहनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए सड़क की चौड़ाई 30 फीट निर्धारित की गई है। इसके लिए सड़क के मध्य से दोनों ओर 15-15 फीट की माप लेकर जल्द ही निशानदेही की जाएगी। निशान लगाए जाने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि इस मार्ग के चौड़ाईकरण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी और लोगों को जाम जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी। साथ ही स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों के लिए आवागमन भी आसान हो सकेगा।
नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा ने बताया कि शहर के समग्र विकास और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिषद लगातार यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास कर रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि यह कार्य व्यापक जनहित से जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी नागरिक सहयोग करें ताकि विकास कार्य बिना किसी बाधा के समय पर पूरे हो सकें।
इस कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी नरेन्द्र कुमार नट, सहायक अभियंता वाजिद अहमद, कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र गोदारा, मुख्य सफाई निरीक्षक लक्ष्मण सिंह लद्धड़, प्रवर्तन दस्ता टीम, संबंधित जोन प्रभारी तथा नगर परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे।