PHM NEWS

मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना बनी ग्रामीण परिवारों की आर्थिक सुरक्षा का आधार

प्रकाशित: 12 May 2026

सीकर. राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अब ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना ग्रामीण परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत सहारा बनती जा रही है।

 

संयुक्त निदेशक पशुपालन राजेन्द्र काला ने बताया कि ग्राम पंचायत रतनपुरा निवासी राजू कुमार जितरवाल को ग्राम विकास रथ यात्रा शिविर के दौरान मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत बीमा पॉलिसी का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद राजू कुमार के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।

 

राजू कुमार ने बताया कि पशुपालन उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है। ऐसे में पशुओं की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब इस योजना के माध्यम से उन्हें आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल ग्रामीण पशुपालकों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है।

 

ग्राम पंचायत रतनपुरा में आयोजित ग्राम विकास रथ यात्रा शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

 

योजना का लाभ मिलने पर राजू कुमार जितरवाल ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता भी लगातार बढ़ रही है।