PHM NEWS

राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ

प्रकाशित: 14 Mar 2026

सीकर. ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान बालिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शिवसिंहपुरा (सीकर) में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। यह शिविर 14 मार्च से 20 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष शिविर की थीम “मेरा युवा भारत एवं डिजिटल साक्षरता के लिए युवा” निर्धारित की गई है, जिसके अंतर्गत छात्राओं को सामाजिक सेवा और डिजिटल जागरूकता से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। समारोह की अध्यक्षता संस्थान के सह सचिव प्रभु दयाल ओला ने की। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन से हुई, जिसमें विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सुशीला पूनिया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित स्वयंसेविकाओं का स्वागत करते हुए शिविर के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल उद्देश्य “स्वयं से पहले आप” को समझाते हुए छात्राओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।

 

उन्होंने छात्राओं को साइबर ठगी से सतर्क रहने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। साथ ही बताया कि आज के डिजिटल युग में तकनीकी जानकारी के साथ-साथ सुरक्षा की समझ होना भी उतना ही आवश्यक है।

 

इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुभाग जाखड़ ने NSS स्वयंसेविकाओं को समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संदेश दिया। वहीं GGA प्रधानाचार्य सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है।

 

कार्यक्रम के दौरान NSS प्रभारी निशा ने सात दिवसीय शिविर की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल साक्षरता, स्वास्थ्य जागरूकता तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

 

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, NSS कार्यक्रम अधिकारी तथा सभी NSS स्वयंसेविकाएँ उपस्थित रहीं। इस शिविर के माध्यम से छात्राओं में सेवा भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।