सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

विकसित भारत जी-रामजी योजना को लेकर लक्ष्मणगढ़ में आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित : नरेगा में 125 दिवस रोजगार का प्रावधान

सीकर | 08-Jan-2026 07:47 PM | 385 |
सीकर
नरेगा में 125 दिवस रोजगार का प्रावधान

लक्ष्मणगढ़/सीकर. केन्द्र सरकार द्वारा हाल ही में लागू की गई विकसित भारत जी-रामजी योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति सभागार में एक दिवसीय आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का नेतृत्व विकास अधिकारी रोमा सहारण ने किया। इस दौरान पंचायत समिति क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों के विकास अधिकारियों को योजना के उद्देश्यों, प्रावधानों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

 

कार्यशाला में बताया गया कि विकसित भारत जी-रामजी योजना के अंतर्गत केन्द्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से नरेगा योजना में पूर्व निर्धारित 100 दिवस के रोजगार को बढ़ाकर 125 दिवस कर दिया है। इससे ग्रामीण परिवारों को अतिरिक्त रोजगार मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती प्राप्त होगी। योजना के माध्यम से ग्रामीण विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण और आजीविका के साधनों में वृद्धि को प्राथमिकता दी जा रही है।

 

विकास अधिकारी रोमा सहारण ने कहा कि योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजना एवं संबंधित अधिनियम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। इसके लिए कार्यशाला के दौरान बैनर, पोस्टर एवं पम्पलेट वितरित किए गए, ताकि आमजन तक योजना की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सके।

 

कार्यशाला में पंचायत समिति के लेखाधिकारी बलवीर ढुकिया, सहायक अभियंता वीरेन्द्र चाहर, महेश कुमार, कमल कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं समस्त ग्राम पंचायतों के विकास अधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आपसी समन्वय से कार्य करने का संकल्प लिया।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.