PHM NEWS

पंचायतीराज चुनाव–2026: लक्ष्मणगढ़ में मतदाता सूची प्रकाशित, 22 मार्च तक आपत्तियां आमंत्रित

प्रकाशित: 26 Feb 2026

लक्ष्मणगढ़/सीकर. पंचायतीराज चुनाव–2026 की तैयारियों के तहत लक्ष्मणगढ़ उपखंड कार्यालय में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम मोहरसिंह मीणा ने की। इस दौरान बलारां एवं लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया।

 

एसडीएम मोहरसिंह मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि जारी फाइनल वोटर लिस्ट में कुल 1,58,583 मतदाताओं के नाम शामिल हैं। इनमें बलारां पंचायत समिति क्षेत्र की 20 ग्राम पंचायतों के 68,762 मतदाता तथा लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की 25 ग्राम पंचायतों के 89,821 मतदाता सम्मिलित हैं।

 

बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों को मतदाता सूचियों की तैयारी की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही बताया गया कि सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि, नाम संशोधन या अन्य आपत्तियों के लिए 22 मार्च तक आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। निर्धारित अवधि में प्राप्त आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।

 

उपखंड कार्यालय में आयोजित बैठक में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि नवरंग चौधरी, राकेश सिहाग, गोपाल लाटा एवं पवन कुमार सैनी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी दलों से मतदाता सूची का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव व आपत्तियां समय पर प्रस्तुत करने का आग्रह किया है।