सीकर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सीकर
🚨 Breaking News | सीकर

पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र योजना के तहत जागरूकता सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन : कानूनों व महिला सुरक्षा सेवाओं की दी जानकारी

सीकर | 09-Apr-2026 09:11 PM | 385 |
सीकर
कानूनों व महिला सुरक्षा सेवाओं की दी जानकारी

सीकर. पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र योजना के अंतर्गत चल रहे जागरूकता सप्ताह के तहत गुलाबी देवी बिद्वावतजीका कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सीकर में बालिकाओं की सुरक्षा, विधिक जागरूकता एवं डिजिटल सुरक्षा विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक राजेंद्र कुमार चौधरी के निर्देशन में आयोजित हुआ।

 

कार्यक्रम में केंद्र प्रबंधक नीलम कुमारी एवं रिचा पारीक ने छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराधों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का दुरुपयोग कर ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे तरीकों से लोगों को डराकर पैसे ठग रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूपीआई और नेट बैंकिंग के माध्यम से धोखाधड़ी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसमें अपराधी किसी भरोसेमंद व्यक्ति के नाम से संपर्क कर व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त कर लेते हैं और बाद में धन की मांग करते हैं।

 

उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि ऐसी किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in⁠� पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, समय-समय पर पासवर्ड बदलने, अनजान व्यक्तियों के साथ निजी जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध वीडियो कॉल से बचने की सलाह भी दी गई।

 

कार्यक्रम के दौरान एडवोकेट अनुराग शर्मा ने बालिकाओं को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम 2012, शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009, भारतीय दंड संहिता की धारा 376 सहित छेड़छाड़ और पीछा करने जैसे अपराधों पर कड़े दंड के प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया। इसके अलावा बाल श्रम अधिनियम 1986 के तहत बच्चों के अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी गई।

 

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से राकेश चिरानिया और ममता सैनी की टीम ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए बाल विवाह रोकथाम के लिए उपस्थित बालिकाओं को शपथ दिलाई। वहीं महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र से राजेश कुमारी ने वन स्टॉप सेंटर सहित महिला सुरक्षा सेवाओं और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रही।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.