PHM NEWS

हाईवे पर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार

प्रकाशित: 01 Dec 2025

फतेहपुर/सीकर. कस्बे के चित्रकूट बालाजी मंदिर के पास फतेहपुर बाईपास हाईवे पर 10 अक्टूबर को हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह मामला तब उजागर हुआ जब हाईवे पर एक मोटरसाइकिल के साथ अधजली अवस्था में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। इस घटना को ब्लाइंड मर्डर के रूप में चुनौती मानते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

कोतवाली थाना अधिकारी महेंद्र कुमार मीणा के अनुसार 9 अक्टूबर की शाम दयाचंद घर से निकले थे लेकिन रातभर वापस नहीं लौटे। अगले दिन सुबह पुलिस को सूचना मिली कि चित्रकूट बालाजी मंदिर के पास एक जली हुई मोटरसाइकिल पर युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच की तो मृतक की पहचान दयाचंद निवासी फतेहपुर के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हो गया कि युवक की हत्या कर शव को जलाने का प्रयास किया गया है ताकि पहचान छिपाई जा सके।

थाना अधिकारी ने बताया कि हत्याकांड की कड़ी जांच के बाद पूर्व में एक महिला और उसके जीजा को गिरफ्तार किया जा चुका था। इसी सिलसिले में फरार चल रहा तीसरा आरोपी धर्मेंद्र कुमार जांगिड़ (33) पुत्र जुगल किशोर जांगिड़ निवासी हुडेरा को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस टीम द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से इस ब्लाइंड मर्डर के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।