प्रिंस कॉलेज की कविता व प्रियंका को राज्यपाल ने गोल्ड मेडल से किया सम्मानित
सीकर. पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय के वार्षिकोत्सव ‘प्रत्युषा 2026’ में सीकर स्थित प्रिंस कॉलेज की दो प्रतिभाशाली छात्राओं को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े द्वारा गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रिंस कॉलेज की छात्रा कविता बाजिया ने एम.एस.सी. फिजिक्स में 86.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शेखावाटी विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं प्रियंका मीणा ने एम.ए. भूगोल में 80.30 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विश्वविद्यालय में टॉप कर कॉलेज व जिले का नाम रोशन किया। राज्यपाल द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किए जाने पर छात्राओं के परिवार और शिक्षण संस्थान में खुशी का माहौल है।
इस उपलब्धि के बाद प्रिंस कॉलेज परिसर में उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला। कॉलेज प्रबंधन ने छात्राओं की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
प्रिंस एजुहब के निदेशक जोगेंद्र सुण्डा ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही ऐसे उत्कृष्ट परिणाम सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि प्रिंस संस्थान हमेशा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. पीयूष सुण्डा, मुख्य प्रबंध निदेशक राजेश ढिल्लन, प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर जय सिंह तथा प्रिंसिपल डॉ. मनीष यादव सहित संस्थान के प्रबंधन सदस्यों और व्याख्याताओं ने छात्राओं व उनके अभिभावकों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कॉलेज परिवार ने उम्मीद जताई कि इस उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी उच्च शिक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।